भूरी सिंह संग्रहालय के 113वें स्थापना दिवस पर चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

Tuesday, Sep 14, 2021 - 05:07 PM (IST)

चम्बा (ब्यूरो): चम्बा के विश्व प्रसिद्ध भूरी सिंह संग्रहालय के 113वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को लोकसभा सांसद किशन कपूर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शिमला यात्राओं पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। किशन कपूर ने बताया कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान व समाज में फैली कुरीतियों को लेकर गांधी द्वारा दिए गए योगदान से विशेषकर युवाओं को अवगत करवाने के लिए भूरी सिंह संग्रहालय प्रबंधन के यह सार्थक प्रयास है। किशन कपूर ने बताया कि भूरी सिंह संग्रहालय प्रदेश का सबसे पुराना संग्रहालय है। यहां मौजूद कलाकृतियां व ऐतिहासिक दस्तावेज शोधार्थियों और पर्यटकों को जिला की समृद्ध परंपरा व गौरवशाली इतिहास से रू-ब-रू करवाते हैं। उत्तरी भारत का पहला भूरी सिंह विद्युत उत्पादन घर (पावर हाउस) भी आकर्षण का स्थल है। इस दौरान लोकसभा सांसद को भूरी सिंह संग्रहालय के कनिष्ठ तकनीकी सहायक सुरेंद्र ठाकुर ने प्रदर्शनी में स्थापित किए गए चित्रों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर डी.सी. दुनी चंद राणा, पदमश्री विजय चम्बयाल, समाजसेवी पंकज चोफला, ए.सी.टू.डी.सी. राम प्रसाद शर्मा, एस.डी.एम. चम्बा नवीन तंवर, जिला भाषा अधिकारी तूकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Content Writer

Kaku Chauhan