तेल न मिलने से सैंकड़ों मुसाफिर लाहौल में फंसे, इकलौते पेट्रोल पंप पर लगी लंबी लाइनें

Tuesday, Nov 28, 2017 - 06:25 PM (IST)

मनाली: रोहतांग दर्रा में बर्फबारी होने से बंद पड़ी लाहुल घाटी के केवल मात्र एक पेट्रोल पंप में फ्यूल नहीं मिल रहा है। जिससे तांदी पेट्रोल पंप पर गाडिय़ों का जमावड़ा लग गया है। पर्यटकों को यहां पर रहने से लेकर अन्य सामान भी नहीं मिल रहा है। गौरतलब है कि तांदी के बाद मनाली में ही पेट्रोल पंप हैं। फ्यूल टैंकरोंं के मनाली में फंस जाने से तांदी में पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। यहां फंसे पर्यटकों का कहना है कि उन्हें बर्फबारी के चलते कई प्रकार की परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।

नहीं जा पा रहे फ्यूल के टैंकरों
आधिकारिक तौर पर रोहतांग दर्रा 15 नवंबर के बाद बंद हो जाता है लेकिन प्रशासन ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए कुछ रोज और मोहलत दे दी थी। इसके बाद भी लोग दर्रा में दाखिल हो रहे हैं इसका उदाहरण तांदी के पेट्रोल पंप पर नजर आ रहा है। आपको बता दें कि इसके बाद लेह में ही एक पेट्रोल पंप है। मनाली के बाद लेह मार्ग बंद हो जाने से फ्यूल के टैंकर आगे नहीं जा पा रहे हैं। इससे पर्यटक सहमे हुए हैं। अगर बर्फबारी का दस्तूर ऐसे ही चलता रहा तो इन्हें यहां से निकालना मुश्किल हो जाएगा। इधर मौसम विभाग ने आज से मौसम के खराब होने का अनुमान लगाया है। साथ ही पर्यटकों को इस ओर जाने की मनाही भी दी है फिर भी लोग रोहतांग दर्रा में दाखिल हो रहे हैं।

डेली नीड्स की वस्तुओं के चार गुना दाम
यहां फंसे पर्यटकों को इसकी भारी कीमत अदा करनी पड़ रही है। यहां दुकानदार रोज इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के चार गुना दाम वसूल रहे हैं। इससे पर्यटकों की जेबों पर डाका डल रहा है। दुकानदार छह महीनों के लिए एक साथ सामान स्टोर कर लेते हैं इसके बाद वे महंगे दामों पर वस्तुओं को बेचते रहते हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को सैलरी हर महीने देने का ऐलान किया है। इससे यहां पर मुसीबतें और बढऩे के अंदेशे से इनकार नहीं किया जा सकता है।