हिमाचल में पैट्रोल-डीजल के दामों ने बनाया रिकॉर्ड, लोगों के छूट रहे पसीने

Sunday, May 20, 2018 - 09:20 AM (IST)

सोलन (पाल): प्रदेश में पैट्रोल व डीजल की कीमतों ने रिकॉर्ड बना दिया है। प्रदेश में पहली बार पैट्रोल की कीमत 75.47 रुपए प्रति लीटर से 77.86 रुपए प्रति लीटर हो गई है। प्रदेश में सबसे सस्ता पैट्रोल जिला सोलन में 75.47 रुपए प्रति लीटर तथा सबसे महंगा किन्नौर में 77.86 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। इसी तरह डीजल की कीमत भी तेजी से बढ़ रही है। प्रदेश के 12 जिलों में डीजल की कीमत 66.51 रुपए प्रति लीटर से 68.62 रुपए प्रति लीटर है। प्रदेश में डीजल जहां सबसे सस्ता सोलन में है वहीं किन्नौर में सबसे महंगा बिक रहा है। 


जिला सोलन में सस्ता होने का सबसे बड़ा कारण यह है कि पैट्रोल व डीजल का प्राइसिंग प्वाइंट परवाणु में है। परिवहन का खर्च जितना अधिक होगा, पैट्रोल व डीजल की कीमत उसी अनुपात में बढ़ेगी। सोलन की दूरी कम होने के कारण यहां पर पैट्रोल व डीजल के दाम अन्य जिलों की तुलना में कम हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश में यह पहला मौका है, जब अधिकांश जिलों में पैट्रोल के दाम 76 या 77 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं, जबकि डीजल के दाम तो प्रतिदिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। 


कीमतों का जिला बार ब्यौरा 
जिला     पैट्रोल       डीजल 
कांगड़ा     76.74    67.70
ऊना        75.98    67.01
सोलन    75.47    66.51
मंडी        76.47    67.35
सिरमौर    75.56    66.88
शिमला     76.09    67.27
चम्बा    77.01    67.84
कुल्लू     77.08    67.84
हमीरपुर    76.28    67.24
बिलासपुर    75.96    66.98
किन्नौर     77.86    68.62 
लाहौल-स्पीति 76.34    67.28


वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में परिवर्तन के साथ ही पैट्रोल व डीजल के दाम भी घट-बढ़ रहे हैं। पैट्रोल व डीजल के दाम प्रतिदिन निर्धारित होते हैं। 
 

Ekta