पत्नी के अंतिम संस्कार के बाद पति ने निगला जहर, हालत गंभीर

Wednesday, May 22, 2019 - 10:35 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा के निकटवर्ती एक गांव में 38 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी की मौत के बाद बुधवार को खुद भी जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करने वाले उक्त व्यक्ति की पत्नी ने बीते मंगलवार को गलती से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उसकी टांडा मैडीकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई थी। बुधवार को महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया।

जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा व्यक्ति

परिजन महिला का अंतिम संस्कार करके लौटे ही थे कि महिला के पति ने घर में कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर अवस्था में व्यक्ति को टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। व्यक्ति की गंभीर हालत के चलते फिलहाल पता नहीं चल सका है कि उसने यह कदम क्यों उठाया लेकिन माना जा रहा है कि पत्नी की मौत के गम में उक्त व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगला है। डी.एस.पी. कांगड़ा विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Vijay