किराए के कमरे में इस हालत में मिला मिस्त्री, मकान मालिक के उड़े होश

Friday, Dec 15, 2017 - 09:36 PM (IST)

शिमला: संजौली के ढींगू बावड़ी के समीप मकान में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला है। व्यक्ति की पहचान नेपाली मूल के 50 वर्षीय हीरा लाल के तौर पर हुई है। वह मकान में किराए पर रहता था और मिस्त्री का काम करता था। पुलिस को शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। जानकारी के मुताबिक हीरा लाल यहां चेत राम बिल्डिंग में बने एक छोटे से कमरे में रहता था। शुक्रवार को जब मकान मालिक ने उसका कमरा खोला तो उसने हीरा लाल को अंदर मृत अवस्था में पाया। उसी समय उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

दरवाजे में नहीं लगी थी कुंडी
पुलिस का कहना है कि मृतक नेपाली के दरवाजे में अंदर से कुंडी नहीं लगी थी। जब अंदर जाकर देखा तो वह मृत हालत में पड़ा हुआ था। मकान मालिक ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह कुछ दिन पहले अपने गांव चला गया था, अब इस कमरे को किसी और को किराए पर देना था। शुक्रवार को जब वह कमरे को देखने गए तो उन्होंने देखा कि अंदर नेपाली का शव पड़ा हुआ है। 

दशहरे के दौरान पत्नी के साथ देखा गया था व्यक्ति
वहीं पुलिस को जानकारी मिली है कि नेपाली हीरा लाल दशहरे के दौरान पत्नी के साथ देखा गया था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी और बेटे मशोबरा में ही कहीं रहते हैं, ऐसे में पुलिस ने उनकी तलाश भी शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि हीरा लाल की मौत अत्यधिक शराब के सेवन से हुई होगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम आई.जी.एम.सी. में करवा दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सच्चाई का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। 

जला हुआ था एक पांव 
जब पुलिस ने शव को बरामद किया तो पाया कि मृत व्यक्ति का पांव जला हुआ था। हालांकि शरीर में कोई दाग नहीं है, ऐसे में उसका पांव कैसे जला है। इसका पता लगाना भी पुलिस को टेढी खीर खबित हो रही है। फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इसका भी पता लगाया जाएगा। 

क्या कहती हैं एस.पी. शिमला
एस.पी. शिमला सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि एक व्यक्ति का शव मिला है जिसका पोस्टमार्टम आई.जी.एम.सी. में करवा दिया गया है। व्यक्ति की मौत कैसे हुई है फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। मौत के कारणों का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।