व्यक्ति ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में PGI रैफर

Monday, May 13, 2019 - 04:15 PM (IST)

अम्ब: पुलिस थाना अम्ब के तहत गांव नैहरी नौरंगा में एक व्यक्ति ने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। रविवार देर सायं घटी इस खौफनाक वारदात के बाद गंभीर अवस्था में उसे सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर किया लेकिन ज्यादा नाजुक हालत देखते हुए उसे पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज की अगुवाई में अम्ब पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी।

90 प्रतिशत से ज्यादा झुलस चुका है व्यक्ति

जानकारी के अनुसार रविवार देर सायं राकेश कुमार (35) पुत्र जसवंत सिंह निवासी नैहरी नौरंगा ने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आग लगा ली। उस वक्त घर पर उसकी पत्नी थी जबकि माता-पिता घर से बाहर थे। कथित तौर उसने काम धंधा न होने से परेशान होकर ये खौफनाक कदम उठाया है। इस घटना में 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलस चुके राकेश की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति पहले चंडीगढ़ में एक कम्पनी में जॉब करता था और उसके बाद अम्ब में जॉब की। कुछ अरसा पहले जॉब छूटने के बाद वह परेशान था। गत दिवस वह सायं घर आया और कहने लगा कि उसको न बुलाओ क्योंकि वह परेशान है। इस दौरान वह बाथरूम में चली गई और उसने घर के पीछे जाकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।

पड़ोसियों ने जल रहे शरीर पर डाला कम्बल

बताया जा रहा है कि खुद को आग लगाने के बाद वह बचने के लिए घटनास्थल से भागने लगा और इस बीच अन्य पड़ोसियों ने भयावह दृश्य देखने के बाद कड़ी मशक्कत से जल रहे शरीर पर कम्बल डालकर आग को बुझाया। पी.जी.आई. में वह एमरजैंसी में उपचाराधीन है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल से मामले संबंधी साक्ष्य जुटाकर कब्जे में ले लिए हैं। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि पुलिस इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

Vijay