रात को कमरे में सोने गया व्यक्ति, सुबह फंदे पर लटका मिला शव

Wednesday, Dec 16, 2020 - 03:37 PM (IST)

हरोली (संजीव दत्ता): विधानसभा हरोली के तहत गांव पंजावर लोअर में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजावर लोअर का वरिंद्र कुमार (44) पुत्र अशोक कुमार पंजाब के जिला जालंधर में अपने परिवार सहित रहता था और बीते दिन ही वह अपने गांव आया था जबकि उसके परिवार के सदस्य जालंधर में ही थे। पुलिस को दिए बयानों में मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि वरिंद्र रात को लगभग साढ़े 8 बजे खाना खाकर कमरे में सोने चला गया था।

सुबह लगभग साढ़े 9 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो उसे आवाजें लगाते हुए उन्होंने कमरा खोलकर देखा तो सभी हैरान रह गए। वरिंद्र ने पंखे की कुंडी के साथ फंदा लगाया हुआ था। रिश्तेदारों ने इसकी सूचना तत्काल पंडोगा पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी के प्रभारी रविन्द्र कुमार टीम सहित मौके पर पहुंच गए और परिजनों के बयान दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई में जुट गए। वहीं घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को फोन पर दे दी गई। डीएसपी हरोली अनिल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Vijay