लाहौल घाटी के लोग अब स्टार बसों में सफर कर सकेंगे

Sunday, Jun 24, 2018 - 02:53 PM (IST)

मनाली : लाहौल घाटी के लोग अब स्टार बसों में सफर कर सकेंगे। केलांग डिपो ने केलांग-किलाड़ मार्ग पर पहली बार स्टार बस भेज कर रोड का ट्रायल किया जो सफल रहा है। एच.आर.टी.सी. की मानें तो स्टार बस की ऊंचाई अन्य बसों की तुलना में अधिक है जिसके चलते निगम इन बसों को किलाड़ नहीं भेज पा रहा था। कुछ एक बसें ही किलाड़ भेजी जा रही थीं जिस कारण बसों की मुरम्मत करने के लिए डिपो को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। निगम ने एक स्टार बस की रूफ  लगेज कैरियर को निकाल कर इस रूट पर एक निरीक्षण किया। एच.आर.टी.सी. अधिकारी चुनी लाल के साथ किलाड़ रूट पर बस को रवाना किया गया। बस सुरक्षित किलाड़ पहुंच गई जिससे एच.आर.टी.सी. ने राहत की सांस ली।

निगम की मानें तो पिछले वर्ष इस मार्ग पर बी.आर.ओ. के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया था और ऊंची बसों को शुरू करने में आ रही दिक्कतों के समाधान को लेकर चर्चा की गई। एच.आर.टी.सी. केलांग की मानें तो किलाड़ मार्ग पर बहुत सी जगहों पर पहाड़ को काट कर सड़क का निर्माण किया गया है जिसकी ऊंचाई कम होने के कारण निगम को स्टार बसों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। निगम के केलांग स्थित अड्डा इंचार्ज सोहन याम्बा ने बताया कि स्टार बसों के किलाड़ न पहुंचने के कारण लंबी दूरी के बस रूट पर पुरानी बसों को भेजना पड़ रहा था लेकिन अब ट्रायल सफल रहने से निगम की दिक्कतें कम हुई हैं। 

kirti