हिमाचल की जनता को जल्द ही इलैक्ट्रिक टैक्सियों में सफर करने का मिलेगा आनंद

Sunday, Nov 12, 2017 - 01:29 PM (IST)

शिमला: हिमाचल की जनता को जल्द इलैक्ट्रिक टैक्सियों में सफर करने का आनंद मिलेगा। राज्य में जल्द एच.आर.टी.सी. की इलैक्ट्रिक टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इलैक्ट्रिक वाहन का एक बेड़ा प्रदेश में पहुंच गया है। निगम ने 50 इलैक्ट्रिक टैक्सियों के लिए बीते 2 माह पहले ऑर्डर जारी किया था और ऑर्डर के मुताबिक ये टैक्सियां अब राजधानी में पहुंच चुकी हैं। डिलीवरी के बाद प्रदेश भर में जल्द एच.आर.टी.सी. की ओर से ये टैक्सियां संचालित होंगी। निगम प्रबंधन की ओर से प्रदेश भर में इन टैक्सियों के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं। कांगड़ा में कुछेक स्थानों पर यह टैक्सी सर्विस शुरू भी की गई है। इसके बाद प्रदेश भर के विभिन्न रूटों पर निगम की यह टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। हालांकि अभी प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगी है, ऐसे में आचार संहिता हटने के बाद ही निगम इन टैक्सियों को संचालित करेगा। प्रदेश में किन्नौर जिला के रिकांगपिओ को छोड़कर प्रदेश के हर जिले के शहर में ये टैक्सियां चलेंगी।

इलैक्ट्रिक टैक्सियों की खरीद करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य
राजधानी के शिमला शहर में 7 टैक्सियां चलेंगी। इसमें विश्वविद्यालय समरहिल से लेकर सी.टी.ओ. तक और इसी तरह अन्य बाधित व प्रतिबंधित मार्गों पर भी इन टैक्सियों को चलाया जाएगा। इलैक्ट्रिक टैक्सियों की खरीद करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। जानकारी के अनुसार इन टैक्सियों की बैटरी को चार्ज करने के लिए गंतव्य स्थान पर चाॄजग प्वाइंट भी लगाए जाएंगे। अमूमन चाॄजग प्वाइंट वर्कशॉप में ही लगेंगे, जहां इन्हें एक बार चार्ज किया जाएगा और शाम को पुन: इसी स्थान पर चाॄजग के लिए लगाई जाएंगी।