खाली बाल्टियां लेकर सड़कों पर उतरे लोग, चक्का जाम कर नारेबाजी

Friday, Apr 21, 2017 - 07:32 PM (IST)

शिमला: टुटू में पानी की भयंकर किल्लत के चलते शुक्रवार को जनता ने खाली बाल्टियां लेकर सड़कों पर निगम व आई.पी.एच. प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। पिछले 8 दिनों से पानी न मिलने से गुस्साए लोगों ने टुटू चौक पर चक्का जाम कर घंटों प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। इस दौरान कई घंटों तक ट्रैफिक पूरी तरह से बंद रहा। टुटू में करीब सवा 12 बजे से स्थानीय लोगों पानी की समस्या को लेकर चौक पर एकत्रित हो गए, वहीं स्थानीय लोगों के साथ मिलकर शिमला नागरिक सभा ने प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। टुटू में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है लेकिन प्रशासन इससे बेखबर है। टुटू में 90 फीसदी कनैक्शन आई.पी.एच. के हैं जबकि 400 कनैक्शन एम.सी. के हैं, ऐसे में टुटू में पानी का जिम्मा आई.पी.एच. पर है। 



जनता बेहाल, प्रशासन गहरी नींद में
धरना-प्रदर्शन के दौरान नागरिक सभा के अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि टुटू में आए दिन पानी को लेकर हाहाकार मचा रहता है लेकिन प्रशासन द्वारा पेयजल समस्या का समाधान आज तक नहीं निकाला गया है जिससे क्षेत्र में पेयजल संकट गंभीर हो गया है तथा आम जनता को पीने तक को पानी नहीं मिल रहा है जबकि प्रशासन गहरी नींद सोया हुआ है। लोगों ने प्रशासन को जल्द पानी की समस्या का समाधान करने की चेतावनी दी है। स्थानीय जनता की मांग है कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुधारने के लिए विभाग को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। 



आश्वासन के बाद सड़कों से हटे लोग 
टुटू में चक्का जाम व धरना-प्रदर्शन की खबर मिलते ही एस.डी.एम. ग्रामीण, नगर निगम आयुक्त जी.सी. नेगी, आई.पी.एच. के अधिकारी सहित ए.एस.पी. भजन नेगी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए लोगों को शांत किया। इस दौरान एस.डी.एम. ने जल्द पानी की समस्या का समाधान करने का आश्वासन स्थानीय लोगों को दिया। अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद जनता सड़कों से हटी, जिसके बाद ट्रैफिक बहाल हुआ।