यहां पुलिस कर्मी की ‘इस’ हरकत से दागदार हुई खाकी, लोगों ने किया यह हाल

Saturday, Apr 15, 2017 - 10:16 PM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में खाकी वर्दी उस समय दागदार हो गई जब यहां एक पुलिस कर्मी महिला के घर में घुस गया। इस पर लोगों ने उसकी जमकर खातिरदारी की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस के सुरक्षा विंग में कार्यरत एक जवान नम्होल कस्बे के साथ वाले गांव में शुक्रवार आधी रात को एक महिला के घर में घुस गया। महिला के परिजनों को जैसे ही इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया व गांववासियों की मदद से उसे दबोच लिया। पुलिस कर्मी की पहचान दिनेश निवासी गांव सोहरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने पुलिस कर्मी दिनेश की अच्छी खासी पिटाई भी कर दी व मुंह पर कालिख पोत कर उसे घर के कमरे में बंद कर दिया। 

अस्पताल में भर्ती है पुलिस कर्मी 
सुबह 5 बजे बरमाणा पुलिस थाना को मामले की जानकारी मिली व वहां से पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा दिनेश को पकड़ कर थाने ले आई। जानकारी के अनुसार उक्त पुलिस कर्मी क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचाराधीन है। एस.पी. बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि आरोपी पुलिस कर्मी दिनेश को बरमाणा पुलिस थाना टीम ने हिरासत में ले लिया है। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।