CU की स्थायी स्थापना को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, 3 घंटे धरना-प्रदर्शन

Thursday, Aug 03, 2017 - 12:56 AM (IST)

शाहपुर: शाहपुर से केंद्रीय विश्वविद्यालय की कक्षाओं को धर्मशाला शिफ्ट करने व इसकी स्थायी स्थापना को लेकर शाहपुर की जनता बुधवार को सड़कों पर उतर आई। शाहपुर सी.यू. निर्माण संघर्ष समिति के आह्वान पर सैंकड़ों लोगों ने तहसील परिसर में करीब 3 घंटे तक धरना दिया तथा शाम को क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एक रैली भी निकाली गई तथा एस.डी.एम. शाहपुर के माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रधानमंत्री व मानव संसाधन मंत्री को ज्ञापन भी भेजा गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान शाहपुर स्टूडैंट्स एसोसिएशन के सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, संयोजक आशीष पटियाल, राजेश राणा, शाहपुर स्टूडैंट्स एसोसिएशन की उपाध्यक्ष शबनम चौधरी व दुरगेला के पूर्व प्रधान धर्म चंद ने कहा कि जब तक सरकार केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर फैसला नहीं ले लेती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। 

कक्षाओं को धर्मशाला शिफ्ट किया तो उग्र होगा आंदोलन
उन्होंने कहा कि शाहपुर में चल रही कक्षाओं को धर्मशाला शिफ्ट किया तो उनका आंदोलन उग्र रूप धारण कर लेगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि शाहपुर से धोखा किया गया है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। धर्मशाला में नई कक्षाएं चलाने की बजाय शाहपुर में पहले से चल रही आधा दर्जन से भी अधिक कक्षाओं को धर्मशाला शिफ्ट किया जा रहा है जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि क्रमिक भूख हड़ताल के बाद धर्मशाला में वी.सी. कार्यालय का घेराव किया जाएगा तथा जरूरत पड़ी तो चक्का जाम किया जाएगा। 

केंद्रीय विश्वविद्यालय पर शाहपुर का हक 
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय पर शाहपुर का हक है तथा इस हक को कोई छीने यह कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शाहपुर को उसका हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने वायदे के मुताबिक शाहपुर में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर कार्रवाई शुरू करें तथा जमीन को ट्रांसफर करवाने की प्रक्रिया भी शुरू करें। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन परस राम अत्री, लाल सिंह राणा, मंझग्रा के प्रधान देव राज मन्हास, करेरी के प्रधान कर्म चंद, कैरी की प्रधान रीना देवी, मुकेश लता, अमन ठाकुर, सचिन चौधरी व सुभाष चौधरी सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।