कूड़ा संयंत्र के विरोध में उतरे लोग, पंचायत प्रतिनिधियों पर लगाए गंभीर आरोप

Monday, Apr 08, 2019 - 06:48 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): पीज पंचायत में कूड़ा संयंत्र के लिए प्रशासन को एन.ओ.सी. देने को लेकर लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पीज पंचायत के महिला मंडल, युवक मंडल व देवधार, मियां बहेड़, बाला बेहड़, बिष्ठ बहेड़ के ग्रामीणों ने प्रदर्शनी मैदान में सामूहिक बैठक की और कूड़ा संयंत्र को लेकर प्रशासन को दी एन.ओ.सी. के विरोध में पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ रणनीति तैयार की और आगामी लोकसभा चुनावों के बहिष्कार का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत के लोग कूड़ा संयंत्र न बनाने के विरोध में हैं और पंचायत प्रतिनिधियों ने एक कमरे के अदर निर्णय लेकर प्रशासन को कूड़ा संयंत्र स्थापित करने के लिए एन.ओ.सी. दे दी, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।

कूड़ा संयंत्र केंद्र स्थापित होने से 10 बीघा भूमि हो जाएगी नष्ट

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में कूड़ा संयंत्र स्थापित होने से ग्रामीणों के हकहकूक खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीज पंचायत के लोगों पशु पालन कर अपनी आजाविका चलाते हैं, ऐसे में 10 बीघा भूमि पर कूड़ा संयंत्र केंद्र स्थापित होने से ग्रामीणों की चरागाह भूमि नष्ट होगी, वहीं गांव के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा, जिसके चलते वे इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को दोटूक कहा कि वे किसी भी सूरत में कूड़ा संयंत्र स्थापित नहीं होने देंगे चाहे उन्हें अपनी जान ही क्यों न देनी पड़े।

16 मार्च को गुपचुप तरीके से प्रशासन को दी एन.ओ.सी.

स्थानीय पीज निवासी परमिंद्र ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों ने 16 मार्च को गुपचुप तरीके से प्रशासन को कूड़ा संयंत्र स्थापित करने के लिए एन.ओ.सी. दी, जिसके बाद प्रशासन ने एन.ओ.सी. की कॉपी उच्च न्यायलय को भेजी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों ने एक कमरे के अंदर निर्णय लिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ रोष है। ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि पीज पंचायत के 7 वार्ड व नगर परिषद के 2 वार्डों के लोग लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे।

क्या कहते हैं लोग

स्थानीय महिला जयबंती ने बताया कि महिला मंडल की सभी महिलाओं ने कूड़ा संयंत्र का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने निणर्य लिया है कि सरकार व प्रशासन ग्रामीणों की बात नहीं सुनेंगे तो वे लोकसभा चुनावों में मतदान नहीं करेंगी। नगर परिषद वार्ड 10 के पार्षद गोपी चंद ने बताया कि पीज पंचायत में कूंड़ा सयंत्र स्थापित होने से नगर परिषद के 10 और 11 वार्ड भी प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि देवधार गांव ,बाला बहेड़, बिष्ठ बहेड़, मियां बहेड़ के हजारों लोगों ने भी लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

Vijay