इलाज के लिए घंटों तड़पते रहे यहां मरीज, लेकिन Doctor नहीं आए

Sunday, Aug 27, 2017 - 01:16 PM (IST)

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीज शनिवार को दर्द से कराहते रहे लेकिन डॉक्टर आए ही नहीं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद भी लोगों की इंतजार की घड़ी खत्म नहीं हुई। लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय अस्पताल में हर रोज इसी तरह की मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है। डॉक्टरों की संख्या कम होने का भी अस्पताल प्रशासन इस असुविधा के पीछे हवाला देता रहा है लेकिन लोगों को तो इलाज चाहिए बस। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में सुबह से ई.एन.टी. ओ.पी.डी. के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। इस बीच कई लोग डॉक्टर को ढूंढने निकले लेकिन हर किसी को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। अन्य कई ओ.पी.डी. के दरवाजे भी बंद रहे वहां भी डॉक्टर मौजूद नहीं थे, ऐसे में कई लोगों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों व क्लीनिकों का रुख करना पड़ा। कम पैसों में होने वाले इलाज के लिए लोगों को हजारों रुपए खर्च करने पड़े।

ढूंढने पर भी नहीं मिले अस्पताल में डॉक्टर
ई.एन.टी. की ओ.पी.डी. में सुबह से डॉक्टर का इंतजार कर रहे कुल्लू के इंद्र सिंह, शाहण गांव के सतपाल, भेखली के नरेंद्र कुमार, तोत राम, रेल चंद, सतपाल, माया देवी, मणिकर्ण के थर्वण लाल, रायसन के छेरिंग, मीरा देवी, श्याम लाल, कमलेश कुमार, आशा देवी व अनीता शर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे पिछले 2 घंटों से डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं लेकिन डॉक्टर अभी तक नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने डॉक्टर को भी अस्पताल में कई जगह ढूंढा लेकिन वह नहीं मिले।