11 सदस्यीय दल ने फतह की 21,146 फुट ऊंची चोटी
punjabkesari.in Friday, Aug 05, 2022 - 09:24 PM (IST)

पतलीकूहल (ब्यूरो): 11 सदस्यीय दल ने लाहौल-स्पीति की 21,146 फुट ऊंची चोटी फतह करने में सफलता पाई है। कोलकाता के अतिरिक्त आयुक्त विक्रांत सिंह ने दल का नेतृत्व किया। यह अभियान दल 28 जुलाई को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण खेल संस्थान से लाहौल के लिए रवाना हुआ था। इस दल ने मनाली के पहले निदेशक रहे स्वर्गीय हरनाम सिंह की याद में इस अभियान को अंजाम दिया। इस अभियान दल को इंडियन माऊंटनियरिंग फाऊंडेशन नई दिल्ली से सभी आवश्यक मंजूरी मिली थी। डी.सी. लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने इस अभियान दल को सफलतापूर्वक चोटी फतह करने पर बधाई दी।
केलांग में आयोजित समापन समारोह में सभी सदस्यों को सम्मानित भी किया। टीम के ग्रुप लीडर विक्रांत पाल सिंह ने बताया कि 21,146 फुट ऊंची इस अज्ञात चोटी को फतह करने के बाद टीम अपने अभियान की रिपोर्ट और चोटी का नाम हरनाम सिंह रखने का प्रस्ताव इंडियन माऊंटनियरिंग फाऊंडेशन नई दिल्ली को भेज रही है। यह अभियान वर्तमान में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव का भाग है। टीम में उनके साथ आश्रय सिंह, ओंकार जोशी, तन्य नहाते कलावती बारल, मेनका गुंजयाल, अभिषेक गायकवाड़, सिदेश कदम, डा. संदीप कालिया, निशांत ठाकुर व संतोष राव शामिल रहे।
गौर हो कि हरनाम सिंह ठाकुर ने वर्ष 1961 में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह प्रतिष्ठित और सबसे बड़े साहसिक खेल संस्थान के पहले निदेशक रहे। हरनाम सिंह ने सितम्बर, 1961 से अगस्त 1984 तक सेवा दी। 28 जुलाई को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण खेल संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी ने ध्वजारोहण कर अभियान दल को हरी झंडी दी थी। अभियान दल के साथ गए पर्वतारोहण अनुदेशक पवन ठाकुर ने दल को तकनीकी रूप में सहायता प्रदान की।