हेलीकाप्टर उड़ानों का इंतजार कर रहे यात्रियों को लगा झटका

Saturday, Mar 24, 2018 - 10:13 AM (IST)

मनाली : हैलीकॉप्टर उड़ानों का इंतजार कर रहे यात्रियों को फिर लगा झटका। शुक्रवार को सामान्य प्रशासनिक विभाग के एक आदेश ने यात्रियों के मनसूबों पर पानी फेर दिया। दरअसल शुक्रवार को लाहौल के उदयपुर, बारिंग और स्तींगरी हैलीपैडों के लिए 3 उड़ानें प्रस्तावित थीं। लिहाजा सभी यात्री सुबह भुंतर एयरपोर्ट पहुंच गए, जबकि उदयपुर के यात्रियों को एयरपोर्ट के अंदर भेजा गया। अंतिम समय में जी.ए.डी. ने फरमान जारी कर तीनों उड़ानों को रद्द कर दिया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि मंडी जिला में नवनिर्मित एक हैलीपैड का ट्रायल उड़ान करवाया जाना है। इसलिए राज्य सरकार ने हैलीकॉप्टर को घाटी न भेज कर मंडी भेज दिया। सरकार के इस आदेश का घाटी के लोगों ने कड़ा विरोध किया है।

सरकार की नजरों में जनता की समस्याएं गौण 
पूर्व विधायक रवि ठाकुर, जनजातीय युवा मंच के अध्यक्ष एवं जिप सदस्य सुदर्शन जस्पा व जिप उपाध्यक्ष शशि किरण समेत कई जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार को जनजातीय लोगों की दिक्कतों से कोई सरोकार नहीं है। सुदर्शन ने कहा कि ट्रायल उड़ान की बजाय जनजातीय क्षेत्रों के लिए प्राथमिकता के आधार पर उड़ान करवानी चाहिए। लाहौल की उड़ानों के बाद ट्रायल उड़ान करवाई जा सकती थी लेकिन सरकार ने जनजातीय लोगों की दिक्कतों को दरकिनार कर सी.एम. के इलाके को प्राथमिकता दी है। जस्पा ने कहा कि अगर ट्रायल उड़ान करवानी ही थी तो एक दिन पहले इसकी सूचना जारी करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि क्या जनजातीय लोगों का कोई मान-सम्मान नहीं रह गया है। रवि ठाकुर ने कहा कि इस भेदभावपूर्ण रवैये ने साबित कर दिया है कि सरकार की नजरों में जनता की समस्याएं गौण हैं।

सड़क मार्ग बंद होने से हैलीकॉप्टर ही है विकल्प  
जस्पा ने भाजपा से सवाल किया है कि क्या यही अच्छे दिनों की शुरूआत है। 
गुलाबा बैरियर में अनुमति नहीं मिलने और रोहतांग टनल में आवाजाही बंद होने से जनजातीय लोगों के पास हैलीकॉप्टर की आवाजाही का विकल्प बचा है लेकिन इस तरह के सरकारी फरमान बेबस यात्रियों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं। उड़ान प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह उदयपुर के यात्रियों को उड़ान भरने के लिए भुंतर एयरपोर्ट के अंदर ले जाया गया लेकिन अंतिम समय में जी.ए.डी. से आदेश मिला कि हैलीकॉप्टर अब लाहौल की बजाय मंडी के लिए उड़ान भरेगा। लिहाजा घाटी की तीनों प्रस्तावित उड़ानों को रद्द कर दिया गया।

उड़ान के इंतजार में एस.डी.एम. का ज्वाइनिंग टला
उड़ान रद्द होने से उदयपुर के नए एस.डी.एम. सुभाष गौतम अभी तक अपनी ज्वाइनिंग नहीं दे पाए हैं। 2 महीने से एस.डी.एम. का पद खाली होने से लोगों के कई सरकारी काम लटके हुए हैं।

Punjab Kesari