नाके पर दबोचा राहगीर, नशे की इतनी बड़ी खेप देख उड़े पुलिस के होश

Thursday, Nov 16, 2017 - 07:39 PM (IST)

चम्बा: पुलिस थाना किहार में एक व्यक्ति के खिलाफ चरस तस्करी मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान लेखराज पुत्र हंसो निवासी गांव भैंठ डाकघर संघणी तहसील सलूणी के रूप में की गई है। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार को पुलिस की एस.आई.यू. टीम ने अटाला डैम साइट के नजदीक भांदल में नाका लगाया हुआ था। पुलिस अपने काम को जब अंजाम दे रही थी तो इसी दौरान एक व्यक्ति बैग उठाए पैदल चला आ रहा था। जैसे ही उसने अपने सामने पुलिस टीम को पाया तो भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने उक्त व्यक्ति को दबोच लिया।

बैग से बरामद हुई 7 किलो चरस 
पुलिस ने जब उसकी शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके होश उड़ गए। उक्त व्यक्ति के पास मौजूद बैग से 7 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को शुक्रवार अदालत के समक्ष पेश कर रिमांड पर लेगी। पुलिस रिमांड में आरोपी से इस मामले से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को हासिल करने का प्रयास करेगी।