चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, वीरभद्र के करीबी नेता भाजपा में शामिल

Monday, Dec 05, 2016 - 03:23 PM (IST)

बद्दी (आदित्य कुमार): एक समय में सीएम वीरभद्र सिंह के खास रहे बद्दी से पूर्व जिला परिषद सदस्य परमजीत सिंह पम्मी ने कांगेस का साथ छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया है। आज वह नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल की मौजूदगी में पम्मी भाजपा में शामिल हो गए। अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ पम्मी ने भाजपा का दामन थामकर कांग्रेस को चुनाव से पहले बड़ा झटका दिया है। धूमल ने बद्दी के खरूणी में आयोजित सहकार सम्मेलन में कांग्रेस के बागी नेता परमजीत सिंह पम्मी का पार्टी में स्वागत किया।


पिछले साल हासिल किए थे इतने वोट
बीते विधानसभा चुनाव में पम्मी ने कांग्रेस से बगावत कर आजाद उम्मीदवार के तौर पर दून विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था जिसके लिए पार्टी ने उनसे किनारा कर लिया था। पिछले विस चुनाव में पम्मी ने10,600 वोट हासिल कर तीसरा स्थान पाया था। दून से विजेता रहे राम कुमार चौधरी को 15,520 वोट पडे़ थे। भाजपा उम्मीदवार विनोद चंदेल को करीब आठ हजार वोट मिले थे। अगर पम्मी और विनोद चंदेल के वोट को जोड़ा जाए तो कांग्रेस का गणित बिगड़ता नजर आ रहा है। वहीं पम्मी की एंट्री से भाजपा के अंदरूनी समीकरण भी बिगड़ गए हैं। अब भाजपा के बागी नेता दर्शन सैणी की पार्टी में वापसी पर संशय पैदा हो गया है। अटकलें लगाई जा रही है कि अब दर्शन सैणी की वापसी मुमकिन नहीं होगी। जाहिर है कि दून विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है।