Sirmaur: खैर माफिया के मंसूबों पर फिरा पानी, रेड पड़ते ही लाखों की लकड़ी और बाइक छोड़कर भागे तस्कर
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 06:09 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में वन माफिया बेखौफ होकर हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला रहा है। हालांकि, वन विभाग की मुस्तैदी से पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत आरक्षित वन क्षेत्र बांसवाली सी-12 में खैर की लकड़ी की तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की अवैध खैर की लकड़ी और तस्करों की एक मोटरसाइकिल को मौके से जब्त किया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी माजरा रेंज सचिन शर्मा द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार वन विभाग की टीम तड़के करीब 3:30 बजे आरक्षित वन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम ने देखा कि कुछ लोग तीन मोटरसाइकिलों पर अवैध रूप से खैर की लकड़ी लादकर ले जा रहे हैं। वन विभाग की टीम को अचानक अपने सामने देखकर तस्करों में हड़कंप मच गया। खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग खड़े हुए।
भागते समय तस्करों की एक बाइक (एचपी 17एफ-3916) और उस पर लदी अवैध खैर की लकड़ी वहीं छूट गई, जिसे टीम ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग के अनुसार बरामद की गई लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 2 लाख 91 हजार 684 रुपए आंका गया है। बाद में जब टीम ने जंगल के अंदर जाकर गहनता से जांच की, तो वहां खैर के तीन पेड़ अवैध रूप से कटे हुए पाए गए। इस पूरी वारदात के दौरान एक पिकअप चालक, जिसकी पहचान नसीम निवासी मिस्सरवाला के रूप में हुई है, अपना वाहन लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मामले की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना माजरा में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 26(1)(एफ) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य चेहरों के बेनकाब होने की भी उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

