Sirmaur: पांवटा साहिब के धौलाकुआं में अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 07:16 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के तहत माजरा पुलिस थाना क्षेत्र में एक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। धौलाकुआं इलाके में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रॉयल रेडिएंस रिसॉर्ट (भारापुर) में मैनेजर के पद पर कार्यरत परीक्षित शर्मा पुत्र राम चंद्र निवासी गांव व डाकघर माजरा रात के समय अपनी ड्यूटी खत्म कर भारापुर से वापस घर लौट रहे थे। जब वह धौलाकुआं स्थित पंजाब नैशनल बैंक के समीप पहुंचे, तो उन्हें सड़क पर एक व्यक्ति गिरा हुआ दिखाई दिया। परीक्षित शर्मा ने तुरंत अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की और मौके पर जाकर देखा। व्यक्ति सड़क पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था और कोई हलचल नहीं कर रहा था।
घटना की सूचना तुरंत थाना माजरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि किसी अज्ञात वाहन ने उक्तराहगीर को जोरदार टक्कर मारी है। हादसा अज्ञात वाहन चालक द्वारा लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के कारण हुआ है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना माजरा में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है और आरोपी वाहन व उसके चालक का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

