कांग्रेस ने अरबों का कर्ज लेकर खुद डकारा : सत्ती

Monday, Mar 16, 2020 - 10:56 PM (IST)

पांवटा साहिब, (संजय): प्रदेश में चल रही जयराम सरकार के विकास के कारण विगत चुनावों में भाजपा को 70 प्रतिशत वोट मिले और हर विधानसभा में लीड मिली, जिसके कारण हिंदुस्तान में 71 प्रतिशत मत लेकर कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र अग्रणी रहा। यह बात पत्रकार वार्ता में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के काम के साथ-साथ हिमाचल भाजपा की सरकार ने जनता के हित में जो निर्णय लिए, उसने सोने पे सुहागा का काम किया है। सत्ती ने कहा कि आजकल कांग्रेस अनर्गल बयान देकर हंसी का पात्र बन रही है। कांग्रेस ने अनेकों वर्ष तक देश में शासन किया और अरबों का कर्जा लेकर सब माल डकार गए, जबकि भाजपा ने कर्ज लेकर जनता को ही लौटाया है। कांग्रेस ने क्षेत्रवाद की राजनीति की, धर्म पर बांटे।

जयराम सरकार टूरिज्म पर विशेष ध्यान दे रही है

आज कांग्रेस में मम्मी और बेटे के अलावा कोई आलाकमान नहीं बचा है, जिस कारण कांग्रेस नेता विहीन पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस की नैशनल लेवल पर जो हालत है, वो हिमाचल में भी होने वाली है। उनके पास न नीयत है, न ही नीति है। हिमाचल प्रदेश में बढ़ता नशा कांग्रेस सरकार की देन है। उदाहरण स्वरूप 5 साल में हरोली में 18 बच्चे मरे और सोलन में चिट्टे के साथ पकड़े अफसर को बाद में डिटर्जेंट बताकर छोड़ा गया। जयराम ठाकुर ने जनता की सरकार चलाई है। 2022 में जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से फिर से सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार खनन पर शिकंजा कस रही है। वन संपदा व खनिज संपदा की कांग्रेस में खुली लूट हुई, जबकि भ्रष्टाचार पर बीजेपी सरकार में जीरो टॉलरैंस है। सत्ती ने कहा कि जयराम सरकार टूरिज्म पर विशेष ध्यान दे रही है।

 

Kuldeep