बर्फबारी के कारण देश-दुनिया से कटा पांगी का संपर्क

Monday, Dec 27, 2021 - 11:22 PM (IST)

पांगी (पांगी): बर्फबारी के चलते जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी का देश-दुनिया से संपर्क कट गया है, वहीं जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर बर्फ की चादर बिछ गई है। पांगी के मुख्यालय किलाड़ समेत घाटी की अन्य पंचायतों में चार इंच के करीब बर्फबारी हुई है। ऊपरी क्षेत्र हुडान, सुराल भटोरी, परमार भटोरी, चसक भटोरी, मुर्छ व थंदल में एक फुट तक बर्फबारी दर्ज हुई है। बर्फबारी के कारण पांगी घाटी की तीन पंचायतों में बिजली गुल हो गई है और क्षेत्र के लोग पूरी तरह से अंधेरे में हैं। रविवार देर शाम से हो रही बर्फबारी ने पांगी घाटी को अपनी आगोश में ले लिया है। घाटी के ऊपरी क्षेत्रों के लोगों को अब कई दिनों तक अपने घरों में ही कैद होकर रहने को मजबूर होना पड़ेगा। पेयजल पाइपें जाम होने के कारण घाटी की कई पंचायतों की पेयजल आपूॢत भी पूरी तरह से ठप्प हो गई है। इससे लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Content Writer

Kuldeep