मंगल पांडेय का तंज, बोले- वीरभद्र पहले मुख्यमंत्री होंगे, जो CM रहते जेल जाएंगे

Tuesday, Jun 13, 2017 - 08:52 AM (IST)

बिलासपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जन कल्याण की जगह परिवार कल्याण को ही बढ़ावा दिया है जिस कारण आज हिमाचल विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। स्थानीय किसान भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस सरकार के मुखिया ने अपने परिवार की सम्पत्ति को शिमला से दिल्ली तक बढ़ाने का ही काम इन पिछले साढ़े 4 वर्षों में किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह देश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्हें सीएम रहते हुए भ्रष्टाचार के आरोप में न्यायालय से जमानत लेनी पड़ी। ऐसा भी समय आने वाला है कि वे देश के पहले मुख्यमंत्री होंगे, जो सीएम रहते जेल भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाने के प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की भी चिंता नहीं की तथा उनको सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास नहीं किया। 


कांग्रेस एक डूबता जहाज
उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री इतिहास रच चुके हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब वीरभद्र सिंह को एक ही रिकॉर्ड बनाना बाकी रह गया है कि जब न्यायालय से उन्हें सजा होगी और वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से मना करेंगे। उन्होंने कहा कि इस भ्रष्ट सरकार को अब सत्ता से बाहर करने का समय आ गया है। भाजपा युक्त भारत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एक टीम के रूप में मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है जिसमें कोई भी बैठना पसंद नहीं करता। इससे पहले मंगल पांडेय का पूर्व सांसद सुरेश चंदेल व जिला भाजपाध्यक्ष राकेश गौतम ने हिमाचली टोपी व शॉल भेंटकर उनका अभिनंदन किया जबकि श्री नैना देवी भाजपा कार्यकर्ताओं ने माता की चुनरी व प्रसाद भेंट किया। इस अवसर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नैना देवी के विधायक रणधीर शर्मा, पूर्व सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश चंदेल व विधायक रिखी राम कौंडल आदि मौजूद रहे।


कांग्रेस कार्यकाल में सदर विधानसभा क्षेत्र पिछड़ा: चंदेल
वहीं इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश चंदेल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हर जगह लूट मची हुई है। सरकारी खजाने को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है, वहीं केंद्र की नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने बिलासपुर को दिल खोलकर तोहफे दिए हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का काम पूरी मेहनत व ईमानदारी से कर रहे हैं। जिला की चारों सीटों पर कमल खिलना तय है। उन्होंने कहा कि जिला के चारों मंडलों ने संगठन के निर्देशानुसार अपने-अपने क्षेत्र में विकास के मामले में हो रहे भेदभाव, सरकारी धन की लूट व भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर चार्जशीट तैयार कर महामहिम राज्यपाल को भेजी है।