पंचायती राज, शहरी निकाय में जीत के साथ मिशन 2022 को लेकर बनी रणनीति

Saturday, Jan 09, 2021 - 11:17 AM (IST)

धर्मशाला (जिनेश) : 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के मिशन रिपीट को लेकर प्रदेश के सबसे बड़े जिले को फतेह करने के लिए शुक्रवार को धर्मशाला सक्रिट हाउट में भाजपा की कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसदों, मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों व अन्य संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री पवन राणा, विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में आगामी नगर निगम, पंचायती राज व शहरी निकाय चुनाव में जीत के लिए रणनीति बनाई गई । साथ ही 2022 के विधानसभा चुनावों में भी मिशन रिपीट को लेकर चर्चा की गई। बैठक के दौरान कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों को जरूरी टिप्स दिए गए ताकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित कर सकें। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही भाजपा की ओर से किए गए 3 साल के कार्यों को जनता के बीच ले जाने व विधायकों के कार्यों से अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए टिप्स दिए। 

संगठन की मजबूती को लेकर और पंचायती राज चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों विजय बनाने के लिए रणनीति बंद कमरे में तैयार हुई। दो घंटे चली बैठक में विधायक व पूर्व विधायक, संगठन के पदाधिकारियों से प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने फीडबैक ली। विजयश्री के लिए कड़ी मेहनत करने व प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रयास करते रहने के लिए कहा। संगठन को मजबूत करने और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त ना किए जाने की भी नसीहत दी गई है। 

बैठक में जहां भाजपा संगठन पदाधिकारियों ने अपनी बात मुख्यमंत्री व प्रदेश प्रभारी तक पहुंचाई। वही मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को और पदाधिकारियों को ज्यादा सक्रियता के साथ कार्य करते हुए पंचायती राज चुनाव में और शहरी निकाय चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत के लिए टिप्स दिए। बैठक में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित हिमाचल के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री पवन राणा, विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी, विधायक विशाल नेहरिया, अर्जुन ठाकुर, रवि धीमान, रमेश धवाला, अरुण मेहरा, रीता धीमान पूर्व विधायक रविंद्र सिंह रवि मौजद रहे। जबकि सांसद किशन कपूर, परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक मुल्खराज प्रेमी, विधायक होशियार सिंह बैठक के मध्य में पहुंचे पर बैठक में शामिल नहीं हुए। वहीं, वन मंत्री राकेश पठानिया व सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री बैठक में शामिल नहीं हुए। 

हिमाचल भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि बैठक का उद्देश्य 2022 में सरकार को फिर से दोहराने की तैयारी है। पंचायती राज चुनाव व शहरी निकाय चुनाव से ही सरकार की आगामी जीत का माहौल बनता है। पंचायती राज व शहरी निकाय में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत के साथ नगर निगम के चुनावों में भी भाजपा जीत हासिल करेगी। 
 

prashant sharma