पंचायती राज मंत्री ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का रहा बोलबाला

Monday, May 28, 2018 - 12:46 AM (IST)

चौपाल: पंचायती राज एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर रहा, 5 वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में खनन माफिया, भू-माफिया, शराब माफिया और वन माफिया का बोलबाला रहा। पंचायती राज मंत्री चौपाल में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी, जिसे पटरी पर लाने में वर्तमान सरकार को समय लग रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाल ही में प्रदेश की जनता के लिए 3 योजनाओं को शुरू किया है, जिससे सभी लाभान्वित होंगे।


पांच वर्षों में और सुदृढ़ किया जाएगा पंचायती राज
उन्होंने कहा कि इन पांच वर्षों के भीतर पंचायती राज को और सुदृढ़ किया जाएगा, प्रदेश की हर पंचायत को विकसित करने के लिए सरकार की ओर से एक मास्टर प्लान तैयार होगा, प्रदेश की प्रत्येक पंचायत के हर वार्ड में एक मुख्य कार्य करने की सरकार की योजना है, जिसमें ईमानदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। प्रदेश के हर कर्मचारी को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी सरकारी धन का दुरुपयोग करते हुए पाया जाता है उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, वहीं उन्होंने बी.डी.ओ. रामपुर पर पंचायत प्रधान द्वारा लगाए आरोपों पर कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है।


मुख्यमंत्री की रहनुमाई में विकास की ओर बढ़ रहा प्रदेश
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की रहनुमाई में प्रदेश विकास की ओर बढ़ रहा है। सरकार के पांच माह के कार्यकाल में बिना किसी भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद के समान विकास हो रहा है। इस अवसर पर विधायक चौपाल बलवीर वर्मा, मंडल अध्यक्ष मंगतराम शर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री वीरेंद्र वर्मा, प्रधान पवन चौहान व मंडल महामंत्री प्रताप शर्मा आदि उपस्थित थे।

Vijay