रिवॉल्वर की नोक पर अधिकारियों और कर्मचारियों को डराने वाला पंचायत प्रधान गिरफ्तार

Thursday, May 04, 2023 - 07:53 PM (IST)

इंदौरा (ब्यूरो): सरकारी दफ्तर में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को रिवॉल्वर की नोक पर डरा धमका और गाली-गलौच कर सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठा अपने साथ ले जाने पर पंचायत प्रधान को महंगा पड़ गया। विद्युत विभाग की शिकायत के बाद डमटाल पुलिस ने प्रधान के खिलाफ  विभिन्न धाराओं के खिलाफ  मामला दर्ज कर प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया है। खंड इंदौरा की पंचायत शेखुपुर के प्रधान सुधीर सिंह पठानिया निवासी गांव बाईं अटारिया जो डमटाल विद्युत उपमंडल विभाग के कार्यालय में पिछले एक माह से लगातार जाकर क्षेत्र में लगे किसी व्यक्ति के नाम पर बिजली के मीटर को कटवाकर जबरन अपने नाम पर करवाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव डाल रहा था। रोजाना कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को गाली-गलौच कर उन्हें अपने रिवॉल्वर दिखा डराता धमकाता आ रहा था और इसके लिए डमटाल विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ने अपने विभाग के उच्च अधिकारियों को इस विषय पर जानकारी दी थी। प्रधान का आतंक इस तरह फैला कि कार्यालय में काम करते कई कर्मचारी कार्यालय में आना बंद हो गए लेकिन प्रधान रोजाना कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों से बदतमीजी करता रहा। 

सहायक अभियंता तनुज मेहरा ने दर्ज करवाई थी शिकायत
बुधवार को प्रधान ने कार्यालय में जाकर सहायक अभियंता के ऊपर रिवॉल्वर तान दी और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए उसके टेबल पर पड़े कई सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठा अपने साथ ले गया। विद्युत विभाग उपमंडल कार्यालय डमटाल के सहायक अभियंता तनुज मेहरा ने प्रधान के खिलाफ थाना डमटाल में प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस कार्यालय में पहुंच अपनी कार्रवाई अमल में ला रही थी कि प्रधान फिर से कार्यालय में पहुंच गया और गाली-गालौच करते हुए अधिकारियों को रिवॉल्वर दिखा डराने धमकाने लगा। पुलिस ने प्रधान को मौके पर ही धर दबोचा और उसे गिरफ्तार कर थाना डमटाल लाया गया। 

आरोपी से रिवॉल्वर, 6 गोलियां और अढ़ाई लाख क नकदी बरामद
एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि सरकारी कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को रिवॉल्वर दिखा डराने-धमकाने और सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठा ले जाने पर शेखुपुर पंचायत प्रधान सुधीर सिंह पठानिया को गिरफ्तार कर एक रिवॉल्वर, 6 गोलियां और 2 लाख 50 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपी को इंदौरा न्यायालय में पेश किया गया जहां पर इंदौरा के न्यायाधीश विकास कपूर ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay