Panchayat Election 2026: सिरमौर में 40 डिग्री की तपिश भी नहीं डिगा पाई लोकतंत्र का उत्साह, 90 पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 04:43 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला सिरमौर में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के दौरान नौतपा की भीषण गर्मी और 35 से 40 डिग्री तापमान भी लोकतंत्र के उत्साह को कम नहीं कर पाया। गुरुवार सुबह 7 बजे जैसे ही मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, वैसे ही विभिन्न पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। दिन चढ़ने के साथ तापमान लगातार बढ़ता गया, लेकिन इसके बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम होता नजर नहीं आया। सुबह से लेकर मतदान समाप्ति तक बूथों पर लगातार मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।

PunjabKesari

जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब और पांवटा साहिब से सटी पंचायतों में दोपहर के समय तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं नाहन विकास खंड की पंचायतों में भी पारा 35 से 40 डिग्री दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और तेज धूप के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण मतदाता सिर पर कपड़ा, छाता और कई पानी की बोतल तक लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई स्थानों पर महिलाएं समूहों में मतदान करने पहुंचीं, जबकि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

PunjabKesari

दूसरे चरण के चुनाव में युवा मतदाताओं का उत्साह सबसे अधिक देखने को मिला। कई युवाओं ने पहली बार मतदान किया और मतदान के बाद उंगली पर लगी स्याही दिखाते हुए सेल्फियां भी लीं। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं खासा उत्साह देखने को मिला। गांवों में बहुत से लोग सुबह-सुबह ही मतदान करने पहुंच गए थे, ताकि बाद में गर्मी से बचा जा सके।

लोकतंत्र के इस महापर्व में जिला सिरमौर के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर परिवार सहित मतदान किया। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने अपने परिवार के साथ मतदान कर लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने भी परिवार सहित मतदान किया और लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।

PunjabKesari

मतदान केंद्रों पर गर्मी को देखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल और छाया की व्यवस्था की गई थी। वहीं निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती रही।

जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की निगरानी में गुरुवार को जिला सिरमौर की 90 पंचायतों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाई गई। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। अब तीसरे और अंतिम चरण में जिला की शेष 89 पंचायतों में 30 मई को मतदान होना है। इससे पहले प्रथम चरण में जिला की 94 पंचायतों में 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। ऐसे में दूसरे चरण में भी मतदान प्रतिशत को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News