संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ चम्बा के युवक का शव बरामद

Tuesday, May 31, 2022 - 06:01 PM (IST)

पालमपुर (ब्यूरो): नगरी कलूंड में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। मौत के पीछे क्या कारण रहे, पुलिस उन्हें खंगाल रही है। यद्यपि मृतक के दाएं हाथ की कलाई में कट के निशान पाए गए हैं। मृतक की पहचान चम्बा जनपद के सिहुंता के विनय कुमार (27) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची तथा जांच आरंभ की। वहीं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कांगड़ा जनपद के पुलिस प्रमुख डा. खुशहाल शर्मा तथा उपमंडल पुलिस अधिकारी गुरबचन सिंह ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर सभी तथ्यों की समीक्षा की है। पुलिस के अनुसार मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पश्चात ही हो पाएगा। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार विनय औद्योगिक क्षेत्र नगरी में एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। इस इकाई का अधिपति भी चम्बा जनपद के सिहुंता का रहने वाला था।

वहीं विनय कुमार के साथ 2 अन्य युवक, जो इसी इकाई में काम करते हैं, भी सिहुंता के ही रहने वाले हैं। रविवार को ये दोनों बाद दोपहर अपने घर चले गए, जबकि इकाई का अधिपति भी पहले से ही सिहुंता गया हुआ है। ऐसे में घटना वाले दिन विनय कुमार अकेला था, परंतु पुलिस के अनुसार एक युवक उसे उसके कमरे तक छोडऩे आया था। विनय के कमरे के पास एक बाइक में भी खून के छींटे पाए गए हैं, जबकि दुकान के शटर पर भी खून के छींटे पुलिस ने बरामद किए हैं। सीढिय़ों से लेकर बरामदे में खून बिखरा पड़ा था। बाथरूम में पड़ी बाल्टी का पानी भी खून के कारण लाल हो गया था। इन सभी तथ्यों को देखते हुए फोरैंसिक विशेषज्ञों ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।

पुलिस ने कुछ लोगों के बयान दर्ज किए हैं। पंचायत प्रधान नरेंद्र भट्ट ने बताया कि प्रात: भ्रमण को निकले लोगों ने सड़क किनारे सीढिय़ों आदि में खून पड़ा देखा, जिस पर बगल वाले मकान के लैंटर पर जाकर जांच की तो उक्त व्यक्ति बरामदे में खून से लथपथ मृत पड़ा था, जिस पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। उपमंडल पुलिस अधिकारी गुरबचन सिंह ने बताया कि सिहुंता के विनय कुमार का शव खून से लथपथ परिस्थितियों में कमरे के बरामदे में पाया गया है। वहीं एक बाइक, शटर तथा सीढिय़ों में भी खून के धब्बे पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी एंगल को दृष्टिगत रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है तथा सही स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। उन्होंने कहा कि युवक के दाएं हाथ की हथेली के पास कट पाए गए हैं।

Content Writer

Kuldeep