टैरिटोरियल भर्ती के लिए आ पहुंचे 5 हजार युवक, 175 ही उतरे खरे

Saturday, Dec 08, 2018 - 11:06 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): हरियाणा तथा दिल्ली से संबंधित युवाओं का सैलाब सेना में भर्ती के लिए उमड़ पड़ा। शनिवार को लगभग 5 हजार युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया के लिए दस्तक दी। शुक्रवार बाद दोपहर से ही पालमपुर में दिल्ली तथा हरियाणा से संबंधित युवाओं की टोलियां पहुंचना आरंभ हो गईं। शनिवार भौर होते ही कृषि विश्वविद्यालय मैदान में युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 150 इंफैंट्री बटालियन पंजाब टैरिटोरियल आर्मी की भर्ती के लिए इन युवाओं ने अपना दमखम मैदान में दिखाया। लगभग 175 युवा ही निर्धारित मानदंडों के पैमाने पर खरे उतर सके। अब तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर व चंडीगढ़ के लगभग 10 हजार युवा 88 रिक्तियों के लिए अपना भाग्य आजमा चुके हैं। रविवार को हिमाचल विशेषकर कांगड़ा जिले से संबंधित युवाओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। भर्ती अधिकारी मेजर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को हरियाणा तथा दिल्ली से संबंधित युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई।

खूब होहल्ला किया

बड़ी संख्या में भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं ने वापसी पर खूब होहल्ला भी किया। बस अड्डा परिसर में युवक जाने के लिए बसों की छतों पर जा चढ़े। ऐसे में जब उन्हें वहां से उतारा गया तो उन्होंने खूब होहल्ला भी किया।

 

Kuldeep