Kangra: पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सैक्शन पर रविवार से दौड़ेंगी 4 जोड़ी ट्रेनें

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 07:27 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज रेल सैक्शन पर रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने इस रेलमार्ग पर अस्थायी रूप से बंद की गईं 4 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन 11 अक्तूबर से दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। नैरोगेज ट्रैक को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित और ट्रेन संचालन के लिए फिट पाए जाने के बाद रेल प्रशासन ने यह कदम उठाया है। जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक की मंजूरी के बाद ट्रेनों की बहाली का निर्णय लिया गया है। इससे पठानकोट, कांगड़ा, बैजनाथ, ज्वालामुखी रोड और जोगिंद्रनगर क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस रेलमार्ग पर निर्भर यात्रियों के लिए ट्रेन सेवाओं की बहाली से आवागमन की सुविधा फिर उपलब्ध होगी।

इन 4 जोड़ी ट्रेनों का होगा परिचालन
रेलवे द्वारा दी जानकारी के अनुसार पठानकोट-बैजनाथ पपरोला के बीच 2 जोड़ी ट्रेनें बहाल की जा रही हैं। इनमें ट्रेन संख्या 52465/52470 और 52467/52474 शामिल हैं। ये ट्रेनें निर्धारित समय और स्टेशनों के अनुसार चलेंगी। इसके अतिरिक्त बैजनाथ पपरोला-ज्वालामुखी रोड के बीच ट्रेन संख्या 52464/52469 की एक जोड़ी चलाई जाएगी। इससे ज्वालामुखी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं, बैजनाथ पपरोला-जोगिंद्रनगर रेलखंड पर ट्रेन संख्या 52473/52472 की एक जोड़ी का परिचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। इससे जोगिंद्रनगर तक रेल संपर्क फिर बहाल हो जाएगा।

यात्रा से पहले समय की पुष्टि करने की सलाह
रेल प्रशासन ने संबंधित रेलवे स्टेशनों को ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से शुरू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के समय की पुष्टि अवश्य कर लें। इसके लिए रेल हैल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस एप अथवा संबंधित रेलवे स्टेशन की पूछताछ खिड़की से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News