इस अस्पताल में रात को भी उपलब्ध होंगे सर्जन : परमार

Friday, Jul 26, 2019 - 06:08 PM (IST)

पालमपुर/परौर, (मुनीष दीक्षित): स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि पालमपुर सिविल अस्पताल में रात व दिन दोनों समय सर्जन की सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसे लेकर जल्द ही आदेश जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बनने वाले 12 संपूर्ण अस्पतालों में पालमपुर अस्पताल भी एक है। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने पालमपुर अस्पताल के दौरे के बाद कहा कि पालमपुर अस्पताल में जो भी कमियां हैं, उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ के आर्डर कर दिए गए हैं। यहां सी.टी. स्कैन, अल्ट्रासाऊंड या एक्स-रे में जो भी मरीजों को दिक्कतें आ रही हैं, उनका समाधान जल्द करवाया जाएगा।

जब रैफर करने के मामले पर स्वास्थ्य मंत्री ने किया जवाब-तलब

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बैजनाथ व अन्य अस्पतालों से सिविल अस्पताल पालमपुर रैफर किए जा रहे मरीजों को लेकर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने पालमपुर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जब दो महिला मरीजों से बात की, तो इनमें एक महिला मरीज फूलां देवी जो जिला मंडी के लडभड़ोल की रहने वाली तथा बीमार होने पर उन्हें बैजनाथ अस्पताल लाया गया था, लेकिन वहां से उन्हें पालमपुर रैफर कर दिया गया जबकि एक अन्य महिला जो बैजनाथ के उतराला गांव की है, वो अपना उपचार करवाने पालमपुर अस्पताल पहुंची। इन मामलों के बाद उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए। पालमपुर अस्पताल में बिना ऑक्सीजन के दौड़ रही 108 एम्बुलैंस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें आ रही हैं तथा इस संबंध में 100 पुरानी एम्बुलैंसें जल्द बदली जा रही हैं।

नई डायलिसिस मशीन का किया शुभारंभ

स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने पालमपुर अस्पताल में वीरवार को डायलिसिस यूनिट में लगाई गई एक और नई मशीन का शुभारंभ किया। इस मशीन को कंडबाड़ी के प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. रामसूद ने यहां उपलब्ध करवाया है। स्वास्थ्य मंत्री ने डायलिसिस यूनिट में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को भी जांचा। इस मौके पर एस.डी.एम. पालमपुर पंकज शर्मा, सी.एम.ओ. डॉ. गुरदर्शन गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय शर्मा, एक्सियन आई.पी.एच. संजय ठाकुर, पालमपुर नगर परिषद की अध्यक्षा राधा सूद, मनोनीत पार्षद सचिन वर्मा, मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी, जोध सिंह गांधी, दविंद्र राणा, संजय वालिया, एम.एस. डॉ. विनय महाजन सहित कई गण्यमान्य लोग व अस्पताल के चिकित्सक  मौजूद थे।

 

Kuldeep