breaking news: कोरोना विस्फोट, एक ही क्षेत्र के 17 लोग पॉजिटिव

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2020 - 07:36 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): खैरा में कोविड-19 के संक्रमण की चपेट में बड़ी संख्या में लोगों के आने के पीछे धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेना कारण रहा। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के एक परिवार द्वारा उक्त धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यही नहीं, उक्त कार्यक्रम में चंडीगढ़ से भी लोग भाग लेने पहुंचे थे। उक्त लोगों में से एक कोविड-19 संक्रमित पाया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि उक्त व्यक्ति के संपर्क में आने से ही ये लोग संक्रमित हुए हैं। रविवार को खैरा में एक ही क्षेत्र के 17 लोग संक्रमित पाए गए हैं।

इनमें 10 पुरुष तथा 7 महिलाएं शामिल हैं। पूर्व में चंडीगढ़ क्षेत्र का जो व्यक्ति कोविड-19 संक्रमित पाया गया था उसके प्राइमरी कांटैक्ट में आने वाले 43 लोगों को चिन्हित कर उनके सैंपल लिए गए थे। इनमें से 17 लोग कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। पुलिस ने इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन करने पर मामला दर्ज किया है। डीएसपी डा. अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 तथा 270 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। उधर, इन मामलों के दृष्टिगत पालमपुर प्रशासन ने दखोली के वार्ड नं.-2 को कंटेनमैंट जोन घोषित कर दिया है, वहीं गदियाड़ा वार्ड नं.-1 व कोठी वार्ड नं.-3 को बफर जोन बनाया गया है।

वहीं एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने उक्त धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की अनुमति के बिना ही उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि निर्धारित संख्या से अधिक लोगों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संकट काल में लोग इस प्रकार के आयोजन से बचें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News