ठगी के 2 आरोपियों को दिल्ली से किया गिरफ्तार

Monday, Jan 20, 2020 - 10:41 PM (IST)

पालमपुर, (भृगु): बैंक में फर्जीवाड़ा कर लाखों की धनराशि हड़पने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस प्रकरण में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ये गिरफ्तारियां दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र से की हैं। यद्यपि अभी भी इस प्रकरण का किंगपिन बताया जा रहा आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। पालमपुर पुलिस की टीम ने इन दोनों को शाहदरा से गिरफ्तार किया, जिसके पश्चात सोमवार को इन्हें पालमपुर लाया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि पूछताछ में इन आरोपियों से बड़ा खुलासा हो सकता है। बताया जा रहा है कि पुलिस उस मोबाइल नंबर, जिसके द्वारा आरोपी ने बैंक अधिकारी को फोन किया था, के आधार पर इन आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पंजाब केसरी ने 19 जनवरी को ही 2 संदिग्ध आरोपियों के पुलिस राडार पर आने को लेकर खुलासा किया था। मुख्य आरोपी भी दिल्ली का ही रहने वाला बताया जा रहा है। विदित रहे कि एक व्यवसायी के खाते से फर्जीवाड़ा कर 8.9 लाख रुपए की धनराशि हड़प ली गई थी।

दोनों गिरफ्तार आरोपी छात्र

दोनों गिरफ्तार आरोपी अंकुर तथा वासुदेव छात्र हैं तथा दिल्ली में एक कालेज में अध्ययनरत हैं। इनमें से एक आरोपी ने ही उस सिम को खरीदा था, जिसके द्वारा आरोपी ने बैंक अधिकारी को फोन किया था वहीं दूसरे ने उसे मुख्य आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया था। ये दोनों मुख्य आरोपी को जानते हैं तथा प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि उक्त दोनों छात्र पहले भी इस तरह के कार्यों में लिप्त रहे हैं। डीएसपी डा. अमित शर्मा का कहना है कि बैंक फर्जीवाड़े को लेकर पुलिस ने 2 आरोपियों को दिल्ली के शाहदरा से गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों ने मुख्य आरोपी को सिम खरीदने से लेकर पहुंचाने तक का कार्य किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को लेकर पुलिस टीम पालमपुर पहुंच गई है। पूछताछ के बाद ही और अधिक खुलासा हो पाएगा।

 

Kuldeep