चक्का जाम पर भाजपा नेताओं पर मामला दर्ज

Saturday, Jul 22, 2017 - 01:31 AM (IST)

पालमपुर : पुलिस ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चक्का जाम करने पर भाजपा नेताओं व कार्यकत्र्ताओं पर मामला दर्ज किया है। कोटखाई प्रकरण को लेकर शुक्रवार को भाजपा नेताओं व कार्यकत्र्ताओं ने नया बस अड्डा परिसर के बाहर पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर लगभग 2 घंटे तक चक्का जाम किया, जिस कारण वाहनों का आवागमन थमा रहा। पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए कई प्रमुख भाजपा नेताओं सहित लगभग 200 कार्यकत्र्ताओं पर भारतीय दंड विधान की धारा 143 तथा 341 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। उधर, सूत्रों के अनुसार बस चालक के साथ उलझने पर भी पुलिस भाजपा कार्यकत्र्ताओं पर मामला दर्ज कर सकती है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में पुलिस चालक के बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विदित रहे कि इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विपिन सिंह परमार, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु गोस्वामी, प्रदेश पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के संयोजक घनश्याम शर्मा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेंद्र ठाकुर, उमेश दत्त, रवि धीमान व हेमराज आदि प्रमुख नेता शामिल हुए। उपमंडल पुलिस अधिकारी विकास धीमान ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चक्का जाम किए जाने पर भाजपा नेताओं व कार्यकत्र्ताओं पर मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।