दर्दनाक हादसा : ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा घायल

Monday, Feb 19, 2018 - 01:32 AM (IST)

मंडी: शहर के विक्टोरिया पुल के समीप शनिवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बेटी के घर से वापस लौट रही थी। बताया गया कि सदर हलके के मट गांव की रहने वाली पुष्पा देवी (45) शनिवार देर शाम अपनी बेटी के घर खलियार गई हुई थी और रात करीब सवा 10 बजे पुष्पा अपने बेटे के साथ बाइक पर घर वापस जा रही थी। विक्टोरिया पुल के समीप बिजणी की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पुष्पा देवी के सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। हैल्मेट की वजह से उसका बेटा बाल-बाल बच गया। एस.एच.ओ. सदर सुनील कुमार सांख्यान का कहना है कि चालक से पूछताछ की जा रही है।