Honeymoon पर जा रहे Couple के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, पति की मौत

Sunday, Feb 25, 2018 - 12:01 AM (IST)

सुंदरनगर: सुंदरनगर में नैशनल हाईवे-21 पर कांगू में शनिवार को टैक्सी के लुढ़कने से चंडीगढ़ से मनाली हनीमून मनाने जा रहा एक दंपति हादसे का शिकार हो गया। घटना में कार में सवार अंकुर  (31) निवासी लखनऊ की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी अंशिका ( 28) गंभीर रूप से घायल हुई है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से मनाली जा रही डिजाइर कार जब कांगू पहुंची तो कार चालक विक्की ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार खाई में लुढ़क गई। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलैंस 108 से घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने अंकुर को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल अंशिका का उपचार अभी जारी है। कार चालक विक्की भी मामूली रूप से घायल हुआ है।

12 फरवरी को हुई थी शादी 
समाजसेवी ब्रह्मदास चौहान ने कहा कि दंपति उत्तर प्रदेश के लखनऊ के निवासी हैं और 12 फरवरी को शादी होने के उपरांत हनीमून के लिए मनाली जा रहे थे। प्रशासन की ओर से 10,000 रुपए की राशि बतौर राहत प्रदान की गई है। सुंदरनगर थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।