दर्दनाक हादसा : युवक को घर के बाहर ऐसे मिली खौफनाक मौत

Saturday, Aug 05, 2017 - 06:04 PM (IST)

अम्ब: अम्ब में शुक्रवार रात को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार युवक घर के बाहर स्थापित कूड़ादान में कूड़ा डालने गया तो उसे एक बस ने चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक युवक की पहचान अंकुश शर्मा (29) पुत्र भानू प्रताप निवासी सोहारी टकोली के रूप में हुई है।  सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि करीब 9:30 बजे अम्ब-मुबारिकपुर रोड पर टैलीफोन एक्सचेंज के निकट कालोनी में एक घर में रह रहा उक्त युवक रात को जैसे ही सड़क पार करने लगा तो इस दौरान अम्ब की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया।

आरोपी बस चालक गिरफ्तार 
हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया लेकिन पुलिस ने उसे कलरूही में पकड़ लिया। डी.एस.पी. अम्ब धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी बस चालक प्रीतम प्रकाश निवासी डी.सी. कालोनी ऊना के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया है। कार्रवाई के तहत पुलिस ने शनिवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों के सुपुर्द कर दिया।