अम्ब-हमीरपुर NH पर दर्दनाक हादसा, एक की मौत-3 घायल

Wednesday, Oct 24, 2018 - 02:51 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के तहत दोसड़का डूहकी में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। अम्ब पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर सायं अम्ब-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर दोसडक़ा डूहकी में अज्ञात वाहन ने एक राहगीर को चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना के दौरान वाहन की चपेट में आया हुआ व्यक्ति रोड पर जा रही स्कूटी से टकरा गया और स्कूटी चालक भी वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते स्कूटी सवार भी सड़क हादसे का शिकार हो गए।

घायल राहगीर ने पी.जी.आई. में तोड़ा दम
सड़क हादसे में जख्मी हुए लोगों को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया, जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राहगीर प्रकाश चंद (60) को पी.जी.आई. रैफर कर दिया लेकिन उसने जख्मों की ताव न सहते हुए बुधवार सुबह दम तोड़ दिया जबकि स्कूटी सवार विनोद कुमार पुत्र देव राज निवासी कटौहड खुर्द, पुष्पिन्द्र व मलकीयत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सड़क हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

फरार हुए अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि पुलिस ने फरार हुए अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337, 304ए व 187 एम.वी. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों के सुपुर्द कर दिया है जबकि पुलिस मौके से फरार हुए वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

Vijay