दर्दनाक हादसा: ननखड़ी में 400 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन, 4 की मौत

Tuesday, Jul 03, 2018 - 09:02 AM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): शिमला जिला के ननखड़ी थाना के तहत गाहन नामक स्थान के समीप एक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वाहन में चालक सहित 3 पुरुष व एक महिला सवार थी। मृतकों में नेपाल मूल का चालक कमल किशोर व अजय बहादुर शामिल है। मृतक अवधेश राम बिहार राज्य का निवासी है। महिला की पहचान अभी तक नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार वाहन (नं.एच.पी. 62 ए,2884) सड़क से करीब 400 फुट नीचे जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस थाना ननखड़ी से एस.एच.ओ. सहित पुलिस दल पयोजन नामक स्थान जहां वाहन दुर्घटना हुई थी। 


बारिश और विकट स्थान के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। डी.एस.पी. रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि 2 पुरुषों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि एक को गंभीर अवस्था में दुर्घटना स्थल से निकाल कर ननखड़ी चिकित्सालय भेजा गया। लेकिन घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत दी गई है।

Ekta