दर्दनाक हादसा : ट्रक के खाई में गिरने से क्लीनर की मौत, चालक घायल

Thursday, Sep 21, 2017 - 10:30 PM (IST)

शिमला: उपनगर ढली के समीप हसन वैली के पास वीरवार को एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल चालक को आई.जी.एम.सी. में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक ट्रक ढली के पास से जा रहा था। जब ट्रक हसन वैली पहुंचा तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गया। हादसे को जब आसपास के रहने वाले लोगों ने देखा तो उसी समय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर छानबीन की और घायल व्यक्ति को आई.जी.एम.सी. पहुंचाया।

कांगड़ा जिला का रहने वाला था क्लीनर
हादसे में जान गंवाने वाला क्लीनर कांगड़ा का रहने वाला था जिसका नाम कंदरू बताया जा रहा है जबकि चालक की पहचान दिलबाग सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। एस.पी. शिमला सौम्या साम्बशिवन ने दुर्घटना की पुष्टि की है।