दर्दनाक हादसा : 150 मीटर खाई में गिरी बोलैरो, 1 की मौत, 2 घायल

Saturday, Mar 24, 2018 - 06:48 PM (IST)

नेरवा: शुक्रवार को देर रात नेरवा-देइया मार्ग पर दयांडली के समीप एक बोलैरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 अन्य घायल हो गए जिनमें से एक गंभीर घायल को आई.जी.एम.सी. शिमला रैफर कर दिया गया है तथा मामूली रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद नेरवा अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक बोलैरो गाड़ी (एच.पी. 08ए-2825) नेरवा से बागना की तरफ जा रही थी। इस दौरान रात के करीब साढ़े 9 बजे यह दयांडली के समीप अनियंत्रित होकर 150 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। 

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच 
दुर्घटना में दिला राम (40) पुत्र लायक राम गांव बागना, डाकघर व तहसील नेरवा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि वीरेंद्र शर्मा पुत्र दुला राम निवासी गुणसा डाकघर नेरवा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं चालक संदीप कुमार पुत्र मस्त राम गांव बागना मामूली रूप से घायल हो गया। वहीं पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवारकर परिजनों को सौंप दिया है। डी.एस.पी. चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नेरवा थाने में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। 

Punjab Kesari