दर्दनाक हादसा : नदी में डूबने से 3 साल के मासूम की मौत

Friday, Jun 29, 2018 - 09:35 PM (IST)

राजगढ़: विकास खंड राजगढ़ की ग्राम पंचायत करगाणू के गांव हियूण जंजाह में एक 3 वर्षीय बच्चे की गिरि नदी में डूबने के बाद मौत हो गई। पुष्टि करते हुए राजगढ़ के डी.एस.पी. दुष्यंत सरपाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक बच्चा गिरि नदी में डूब गया है। इसके बाद तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। जानकारी के अनुसार हियूण जंजाह गांव के हरदेव का करीब 3 वर्षीय बेटा रुद्रांश शुक्रवार शाम घर के साथ लगते अपने चाचा के घर की ओर गया। बच्चा रास्ता भटक कर गिरि नदी की ओर चला गया।


एक किलोमीटर दूर मिला बच्चे का शव
जब बच्चे के परिजनों ने अपने बेटे को तलाशना शुरू किया तो वह कहीं नहीं मिला। तलाश के दौरान परिजनों को रुद्रांश गिरि नदी में करीब एक किलोमीटर दूर मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डी.एस.पी. ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Vijay