दर्दनाक हादसा : पति की आंखों के सामने पत्नी को ऐसे मिली भयानक मौत

Wednesday, Nov 15, 2017 - 08:04 PM (IST)

गगरेट: विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत लौहारली के पास एक स्कूटी पर सवार होकर जा रहे दंपति को एक अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया, जिससे स्कूटी के पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ईसपुर से स्कूटी पर सवार होकर सुभाष अपनी पत्नी आशा देवी (51) के साथ अम्ब में जा रहा था। लौहारली के पैट्रोल पंप पर उन्होंने स्कूटी में पैट्रोल भरवाया और गगरेट की ओर चल पड़े। कुछ दूर पहुंचने पर सामने से आ रही एक अन्य स्कूटी ने उनको टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन सहित नीचे गिर गए इससे पहले उनको कोई उठाता तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात टैम्पो ने नीचे गिरी हुई महिला को कुचल डाला। 

मदद करने की बजाय भाग निकले वाहनों के चालक
घायलों की मदद करने की बजाय टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक वाहनों सहित मौके से फरार हो गए। दोनों घायल पति-पत्नी को ऊना अस्पताल में ले जाया गया जहां पर आशा देवी ने जख्मों के ताव को न सहते हुए दम तोड़ दिया। ट्रैफिक पुलिस के हैड कांस्टेबल संजीव कुमार सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और उन्होंने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डी.एस.पी. अजय राणा ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और शीघ्र ही अज्ञात वाहन चालकों को टे्रस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।