दर्दनाक हादसा : सेब की खाली क्रेट से लदी जीप खाई में गिरी, एक की मौत

Thursday, Aug 17, 2017 - 09:40 PM (IST)

आनी: हिमाचल प्रदेश में हादसों का दौर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कुल्लू जिला के आनी में खनाग माशनू नाला के पास मंगलवार को एच.आर.टी.सी. बस के हुए दर्दनाक सड़क हादसे के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि वीरवार को आनी क्षेत्र में ही लुहरी-दलाश सड़क मार्ग पर एक पिकअप जीप के खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मेहर दास (35) पुत्र त्वारूराम निवासी गांव कुईकोड ओलवा आनी के रूप में हुई है जिसने रामपुर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक की पहचान सुनील उर्फ  सोनू के रूप में हुई है जोकि रामपुर अस्पताल में भर्ती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

मृतक व घायल के परिजनों को 10-10 हजार की फौरी राहत
पुलिस उपाधीक्षक आनी बलदेव ठाकुर ने बताया कि सेब की खाली क्रेट से लदी उक्त पिकअप जीप (एच.पी. 62 डी 0594) लूहरी से दलाश की तरफ  जा रही थी जोकि दोपहर करीब डेढ़ बजे सोईधार के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल चालक  को रामपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। आनी के विधायक खूबराम आनंद ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। वहीं एस.डी.एम. आनी पंकज शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार नित्थर ने मृतक व घायल के परिजनों को 10-10 हजार रुपए की फ ौरी राहत दे दी है।