दर्दनाक हादसा : खेल-खेल में मौत के आगोश में समाया नाबालिग लड़का

Thursday, Jul 19, 2018 - 10:15 PM (IST)

घुमारवीं: खेलते ही खेलते एक नाबालिग लड़का मौत के आगोश में चला गया। यह घटना पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाली ग्राम पंचायत फटोह के एक गांव में घटित हुई। जानकारी के अनुसार एक मकान के अंदर कुछ बच्चे खेल रहे थे। इन बच्चों ने दुपट्टों को बांधकर एक झूला बनाया हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्चों ने दुपट्टों को लैंटर की हुक के साथ बांधा हुआ था। इसके ऊपर बच्चे झूल रहे थे। पुलिस को दिए बयान में इन बच्चों ने बताया कि उक्त लड़का भी उनके साथ खेल रहा था। इस लड़के की आयु 14 वर्ष बताई जा रही है। बच्चों ने बताया कि जब वे यहां-वहां भाग रहे थे तो तभी उस लड़के की गर्दन दुपट्टे के अंदर फंस गई और वह लुढ़क गया।


बच्चों ने आस-पड़ोस के लोगों को दी घटना की जानकारी
यह देखकर बच्चे घबरा गए और यहां-वहां भागने लगे। तभी उन्होंने आस-पड़ोस के लोगों को बताया तो लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए तथा घटना की सूचना पुलिस थाना घुमारवीं को दी गई। पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल पर पहुंंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को सिविल अस्पताल घुमारवीं लेकर आई, जहां पर शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम आई.जी.एम.सी. शिमला में शुक्रवार को करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की तफ्तीश जारी है।

Vijay