दर्दनाक हादसा : कार के गहरी खाई में गिरने से 3 की मौत, एक घायल

Sunday, Jan 14, 2018 - 07:04 PM (IST)

चिड़गांव: बीती रात रोहड़ू से लगभग डेढ़ कि.मी. दूर पौड़ीताल नामक स्थान पर एक सैंट्रो कार (एच.पी. 10ए-4006) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। घायल व्यक्ति को रोहड़ू अस्पताल से आई.जी.एम.सी. शिमला रैफर कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वालों की पहचान विक्रांत पुत्र स्व. मोहन सिंह (32) निवासी खशकंडी, खुशविंद्र पुत्र सुरेश (26) निवासी बरेटली तथा सुल्तान पुत्र जवाहर लाल निवासी नसारी के रूप में जबकि घायल की अश्वनी कुमार पुत्र प्रीतम चंद निवासी जसवां कांगड़ा के रूप में की गई है। मृतक विक्रांत मिड-डे हिमालय विभाग में फोरैस्ट गार्ड था तथा गाड़ी उसी की थी जबकि घायल अश्वनी कुमार उद्यान विभाग में ड्राफ्ट्समैन है। 

ऐसे हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा बीती रात 10 बजे उस समय हुआ जब उक्त चारों लोग रोहड़ू से हाटकोटी की तरफ जा रहे थे। कार तेज रफ्तार में थी और जैसे ही पौड़ीताल (मैहदली) के पास पहुंची तो चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी 150 मीटर नीचे पब्बर नदी में जा गिरी। इस हादसे में 3 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक घायल हो गया। प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार की फौरी राहत तथा घायल को 3 हजार रुपए की राहत प्रदान की गई। डी.एस.पी. रोहड़ू अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।