पुलिस भर्ती से घर लौट रहे युवकों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, 12 घायल

Saturday, Aug 19, 2017 - 07:13 PM (IST)

आनी: शुक्रवार रात करीब पौने आठ बजे यात्रियों से खचाखच भरी एक तेज रफ्तार टैंपो ट्रैक्स आनी के किरन बाजार में एक दुकान में जा घुसी, जिससे उसमें सवार चालक समेत 12 लोग घायल हो गए, जिन्हें आनी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से 3 गंभीर घायलों को रामपुर के जोनल अस्पताल रैफर कर दिया गया जबकि बाकी 9 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार को छुट्टी दे दी गई। डी.एस.पी. बलदेव ठाकुर ने बताया कि कुल्लू की ओर से आ रही ट्रैक्स (एच.पी. 01 ए 5491) में चालक प्रताप चंद पुत्र दौलत राम निवासी मरेच्छ डाकघर डिगेढ़ समेत कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकांश कुल्लू में पुलिस भर्ती में शारीरिक परीक्षा देकर निरमंड क्षेत्र में अपने घरों को लौट रहे थे। 

विंड स्क्रीन तोड़ते हुए सड़क पर जा गिरे 2 यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतनी तेज रफ्तार से हुआ कि ट्रैक्स सड़क किनारे लगी मजबूत बुर्जियों को तोड़ती हुई दुकान में जा घुसी और पिल्लर से टकराने के बाद 2 यात्री विंड स्क्रीन तोड़ते हुए सड़क पर जा गिरे जबकी बाकी लोगों में से कुछेक को गहरी और बाकियों को मामूली चोटें आईं। गनीमत यह रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डी.एस.पी. बलदेव ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी को कब्जे ले लिया है और गाड़ी की मैकेनिकल जांच करवाई जा रही है।

घायलों की सूची
दुर्घटना में घायल होने वालों में कमलेश पुत्र मस्त राम गांव खलेर निरमंड, राजेन्द्र पुत्र परस राम गांव लांज निरमंड, विवेक पुत्र राजेन्द्र,गांव कतमोर निरमंड, चालक प्रताप चन्द पुत्र दौलत राम गांव मरेच्छ आनी, अजीत पुत्र ठाकुर दास गांव शानू निरमंड, गौरव पुत्र अजित सिंह गांव शानू निरमंड, बलजीत पुत्र अवन सिंह डाकघर डीम निरमंड, प्रवीण पुत्र दत्त राम आमतु डाकघर डीम निरमंड, प्रभु लाल पुत्र सोहन लाल डाकघर डीम निरमंड, सतप्रकाश पुत्र नंदलाल गांव कतमोर निरमंड, अंकुश पुत्र दीवान चंद गांव चौकी दलाश व आनी सुदर्शन पुत्र मेहर सिंह गांव आमतु निरमंड शामिल हैं।