बर्फ का दीदार करने आए पर्यटकों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, एक की मौत

Saturday, Feb 17, 2018 - 10:00 PM (IST)

मनाली: पर्यटन स्थल सोलंगनाला से बर्फ का दीदार कर मनाली लौट रहे पर्यटकों का वाहन नेहरुकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से 50 मीटर नीचे जा लुढ़का। वाहन में सवार एक युवा पर्यटक की मौत हो गई जबकि 2 घायल हो गए। मृतक की पहचान त्रिलोक (29) सी19, एस.टी.सी. कलोनी मालवी नगर दिल्ली के रूप में हुई है जबकि रवि कुमार पुत्र राजेन्द्र उम्र (30), सी 19, एस.टी.सी. कलोनी मालवी नगर नई दिल्ली और अमित पुत्र सुमित हाऊस नंबर 602 ऋषि नगर दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पर्यटकों का मिशन अस्पताल मनाली में इलाज चल रहा है। 

मनाली से 5 कि.मी. पहले दुर्घटनाग्रस्त हुआ वाहन
उक्त पर्यटक अपने वाहन (डी.एल. 8सी,ए.जी.-2696) में सोलंगनाला बर्फ का दीदार कर गए थे। बर्फ देखने के बाद जब वे मनाली लौट रहे थे तो मनाली से 5 कि.मी. पहले वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़के से 50 मीटर नीचे जा लुढ़का। मनाली के डी.एस.पी. पुनीत रघु ने बताया कि पर्यटक का शव कब्जे में ले लिया है जबकि घायल पर्यटकों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के घरवालों से सम्पर्क कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पर्यटकों को दी जाएगी हरसम्भव सुविधा : एस.डी.एम.
मनाली एस.डी.एम. रमन घरसंगी ने पर्यटक की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को प्रशासन की ओर से हरसम्भव सुविधा प्रदान की जाएगी ओर फोरी राहत भी दी जाएगी।