टैंक में नहाने गए किशोर के साथ हुआ दर्दनाक हादसा

Saturday, May 13, 2017 - 10:22 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत ग्राम पंचायत जुबेहड़ के अधीन पड़ते गांव जंदोह में एक किशोरकी पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। 16 वर्षीय किशोर घर के नजदीक पड़ते पानी के टैंक पर नहाने गया था। इस दौरान अनियंत्रित होकर वह टैंक में सिर के बल गिर गया और मौत का ग्रास बन गया। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मनीश कुमार (16) पुत्र फुम्मण सिंह शुक्रवार दोपहर बाद क्षेत्र में दिहाड़ी लगाकर घर आया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह नहाने के लिए समीप पड़ते एक नल पर गया लेकिन वहां पर पानी न होने के चलते वह खेतों में बनाए हुए टैंक में बाल्टी से पानी निकालने लगा और अनियंत्रित होकर टैंक में गिर गया।

चाचा के लड़के ने टैंक में पड़ा देखा शव
ग्राम पंचायत प्रधान संतोष कुमारी ने अनुसार किशोर के घर वालों ने सोचा कि शायद वह किसी के साथ काम करने चला गया है। उन्होंने कई लोगों को फोन करके उसके बारे पता किया लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार दोपहर को उसके चाचा का लड़का टैंक पर गया तो उसने वहां किशोर का शव पानी में पड़ा देखा। बताया जा रहा है कि उक्त किशोर गरीब परिवार से संबंधित था। प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि परिवार की स्थिति को देखते हुए उसे फौरी तौर पर सहायता दी जाए। डी.एस.पी. अम्ब जितेन्द्र चौधरी का कहना है कि पुलिस ने इस घटना में सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्रवाई कर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।