मणिमहेश जा रहे श्रद्धालुओं के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, 5 घायल

Sunday, Aug 20, 2017 - 01:05 AM (IST)

चम्बा: जोत-चम्बा मार्ग पर शनिवार शाम को स्विफ्ट कार में सवार होकर दिल्ली से मणिमहेश जा रहे 5 लोग उस समय घायल हो गए, जब उनकी गाड़ी चम्बा की तरफ आते हुए भनेरा के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 मीटर नीचे नाले में जा गिरी। घायलों को मैडीकल कालेज चम्बा में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार (डी.एल. 5 जी.के. 4347) में सवार होकर दिल्ली निवासी हरी किशन (62), रोहित तिवारी (34), बृजेश कुमार शर्मा, पंकज गर्ग व रवि नागर मणिमहेश के लिए निकले थे।

तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित हुई कार
चम्बा जिला मुख्यालय से करीब 20-25 किलोमीटर दूर पहुंचे तो उनकी कार में कोई तकनीकी खराबी आ गई जिसके चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। एस.पी. चम्बा विरेंद्र तोमर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस चौकी सुल्तानपुर से एक पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया है वहीं यातायात पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंच कर मामले बारे जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।